गुना में न्याय के लिए मृत बेटी की फोटो लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे परिजन

गुना में न्याय के लिए मृत बेटी की फोटो लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे परिजन
युवती की तस्वीर लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे परिजन।

अनंत न्यूज़ @गुना। जिले के खजूरी क्षेत्र में एक युवती द्वारा प्रेम प्रसंग में मिले धोखे के चलते आत्महत्या करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतिका के माता-पिता अपनी बेटी की तस्वीर लेकर न्याय की मांग के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर धोखा दिया गया, जिसके कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतिका के पिता राजू शिवहरे ने बताया कि उनकी बेटी का टकनेरा निवासी एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक ने उसे शादी का झांसा दिया था, लेकिन हाल ही में उस युवक की सगाई कहीं और हो गई। सगाई होने के बाद युवक ने युवती से विवाह करने से साफ मना कर दिया, जिससे वह गहरे सदमे में थी। इसी मानसिक प्रताड़ना के चलते बीती 23 फरवरी को युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजनों का गंभीर आरोप है कि आत्महत्या करने से ठीक पहले युवती की उस युवक से फोन पर बात हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच फोन पर काफी कहा-सुनी और विवाद हुआ था, जिसके तुरंत बाद युवती ने फांसी लगा ली। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस मामले की सूक्ष्मता से जांच की जाए और उनकी बेटी को मौत के मुँह में धकेलने वाले आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कॉल रिकॉर्ड्स व अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।