कलेक्टर ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
प्रदेश की मेरिट सूची में जिले का नाम किया रोशन
गुना।अनंत न्यूज़
जिला कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले जिले के 6 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गुना जिले का नाम प्रदेश की प्रावीण्य सूची में दर्ज कराया है।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की परीक्षा में नितिन जाट (पुत्र विश्ववीर सिंह जाट) और वेद रघुवंशी (पुत्र राजीव रघुवंशी) ने 495-495 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं, आर्या शर्मा (पुत्री प्रशांत शर्मा) ने 491 अंक अर्जित कर प्रदेश में नौवां स्थान हासिल किया। इन सभी होनहार विद्यार्थियों को कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं की परीक्षा में भी जिले की बेटियों ने सफलता के झंडे गाड़े हैं। गणित संकाय की छात्रा धाणी बंसल (पुत्री संतोष बंसल) ने 488 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया। इसी तरह कला संकाय से कृष्णा धाकड़ (पुत्री रामेश्वर धाकड़) और गायत्री राजपूत (पुत्री संतोष राजपूत) ने 484-484 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में छठवां स्थान अर्जित किया। इन छात्राओं को भी उनकी इस बड़ी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
अभिभावक और शिक्षक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश गोयल, सहायक संचालक प्रेरणा गुप्ता, प्राचार्य डाइट एस.के. वशिष्ठ, एपीसी समग्र शिक्षा एस.के. शिवहरे, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय गुना एच.एन. जाटव, प्राचार्य सांदीपनी फतेहगढ़ भगवत ओझा और निर्भय सक्सेना सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे। प्रशासन ने इस सफलता को जिले के शैक्षणिक वातावरण के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।