अक्षय तृतीया पर ट्रैफिक सख्त: 20 से ज्यादा पॉइंट्स पर डायवर्जन, रात 12 बजे तक नो-एंट्री
गुना।अनंत न्यूज़
अक्षय तृतीया और शादी समारोहों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर में प्रशासन ने आज 19 अप्रैल और कल 20 अप्रैल 2026 को विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर डायवर्जन एवं नो-एंट्री लागू रहेगी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार 2 खंभा तिराहा, सामर सिंघा मंडी गेट, रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहा, अंबेडकर चौराहा (जलसा गार्डन), हनुमान चौराहा, तेलघानी तिराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा, जय स्तंभ चौराहा, जगत होटल तिराहा, लाहोटी तिराहा, जज्जी बस स्टैंड, चिंताहरण मंदिर, महर्षि महेश योगी मार्ग, कुशमोदा तिराहा, भुल्लनपुरा तिराहा, पंचमुखी, कैंट चौराहा, निचला बाजार, शगुन चौराहा, ममता डेयरी तिराहा, भगत सिंह चौक और उमरी पुल के नीचे सहित 20 से अधिक स्थानों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।
इन स्थानों पर भारी वाहन, बसों और 3-4 पहिया वाहनों के लिए डायवर्जन व नो-एंट्री रहेगी। कुछ मार्गों पर सीधे प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि रेलवे स्टेशन रोड और लाहोटी रोड जैसे क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी।
नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शादी गार्डनों में आने वाले लोग केवल निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें। सड़क पर वाहन खड़े पाए जाने पर उनकी वीडियोग्राफी कर ऑनलाइन एवं न्यायालयीन चालान किया जाएगा, जो सीधे वाहन मालिक के पते पर भेजा जाएगा।
प्रशासन की अपील
नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।