मुहालकॉलोनी में किराना दुकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी

मुहालकॉलोनी में किराना दुकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी

गुना।दयालवाणी

बमोरी थाना क्षेत्र के मुहालकॉलोनी गांव में बेखौफ अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए लगभग डेढ़ लाख रुपए का कीमती सामान पार कर दिया। घटना सोमवार, 10 अगस्त की अलसुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित व्यवसायी मनीष अग्रवाल रोजाना की तरह चौराहे पर स्थित अपनी किराना दुकान को नियमित समय पर बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो ताले टूटे मिले और अंदर से करीब डेढ़ लाख रुपए का कीमती माल गायब था। फरियादी मनीष अग्रवाल ने बताया कि चोर बेहद शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम देने आए थे। रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोर दुकान के बाहर पहुंचे और सबसे पहले बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा बंद कर चले गए। इसके बाद तड़के 3 से 4 बजे के बीच वे दोबारा लौटे और दुकान का ताला तोड़कर सारा सामान समेट ले गए। हालांकि, चोरों की यह करतूत दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फरियादी ने घटना की लिखित शिकायत बमोरी थाने में दर्ज करा दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।