एफडीडीआई गुना में रक्षा बलों के प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत

एफडीडीआई गुना में रक्षा बलों के प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत

गुना।दयालवाणी

 फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), गुना में पुनर्वसन महानिदेशालय (डीजीआर) के अंतर्गत "पादत्राण निर्माण एवं खुदरा बिक्री" (फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग एवं रिटेलिंग) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर भारतीय सेना के 20 और भारतीय वायुसेना के 11 सहित कुल 31 रक्षा कर्मियों के स्वागत हेतु भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्र प्रभारी जितेंद्र गुप्ता एवं प्रशिक्षणार्थियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान संस्थान की कार्यकारी निदेशक मंजू 'मन' ने आॅनलाइन जुड़कर सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रक्षा बलों का समृद्ध अनुभव और संस्थान की तकनीकी विशेषज्ञता इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बनाएगी। केंद्र प्रभारी जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि पादत्राण उद्योग में उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण, विपणन एवं खुदरा बिक्री के क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। यह प्रशिक्षण प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान सभी सैन्य कर्मियों का परिचय प्राप्त कर कार्यशालाओं एवं प्रयोगशालाओं की जानकारी साझा की गई। अंत में सामूहिक छायाचित्र (ग्रुप फोटो) के बाद सभी के लिए स्वागत भोज का आयोजन किया गया।