होली पर गुना पुलिस हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा बल
अनंत न्यूज़ @गुना। रंगों के पावन पर्व होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गुना पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के कुशल नेतृत्व में जिले भर में व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक नागरिक और बच्चे बिना किसी भय या अव्यवस्था के इस त्योहार का आनंद ले सकें। आगामी 2 मार्च को होलिका दहन, 3 व 4 मार्च को धुलेंडी तथा 8 मार्च को रंगपंचमी के अवसर पर पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और हुड़दंगियों के विरुद्ध कठोर व निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर वहां स्थाई पुलिस पिकेट स्थापित किए गए हैं। मोबाइल पेट्रोलिंग और डायल-100 वाहन 24 घंटे निरंतर गश्त पर रहेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुँचाई जा सके। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसमें ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध शराब के सेवन या विक्रय पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाई है। तीन सवारी बैठाने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने, स्टंट करने और सार्वजनिक मार्गों को अवरुद्ध करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने चेतावनी दी है कि जबरन रंग लगाने या अभद्रता करने वालों को तत्काल सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी और आवश्यकतानुसार ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी साइबर सेल की विशेष नजर रहेगी ताकि भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली अफवाहों को रोका जा सके। त्योहार के दौरान शहर के भीतर यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। 2 मार्च की शाम से लेकर 4 मार्च की शाम तक गुना-ग्वालियर-शिवपुरी और ब्यावरा-इंदौर-भोपाल मार्ग की बसें जज्जी बस स्टैंड से चिंताहरण मंदिर मार्ग होते हुए हाईवे बायपास से संचालित होंगी। इसके साथ ही शहर के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। सभी भारी वाहन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक केवल एनएच-46 बायपास से ही गुजर सकेंगे। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने जिलेवासियों से अपील की है कि होली प्रेम और भाईचारे का पर्व है, इसे मयार्दा के साथ मनाएं और किसी की इच्छा के विरुद्ध रंग न लगाएं। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया है।