सिंधिया ने जिस कलेक्टर को दी थी शाबाशी, विधायक ने बताया नाकारा
विधायक पन्नालाल कलेक्टर की तरफ देखकर बोले- आप जैसे नकारा अफसर आते जाएंगे और चले जाएंगे...
अनंत न्यूज़ @गुना | शहर के मानस भवन में शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 'नवसंवत्सर' कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति निर्मितहो गई, जब गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने मंच से ही जिलाप्रशासन और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की कार्यप्रणाली पर तीखी टिप्पणियां कीं। विधायक ने गुनिया नदी के जीर्णोद्धार के मुद्दे पर कलेक्टर की ओर इशारा करते हुए गुनिया नदी का जिक्र किया और यहां तक कह दिया कि अगर कार्रवाई नहीं हुई, फिर कभी नहीं होगा। आप जैसे ऐसे ही नकारा अफसर आते जाएंगे और चले जाएंगे।
कार्यक्रम में संबोधन दे रहे विधायक शाक्य ने जिला प्रशासन द्वारा गुनिया नदी के जीर्णोद्धार के लिए उठाए जा रहे कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि यह काम इतना आसान नहीं है। उन्होंने कलेक्टर को सचेत किया कि इस मुहिम के दौरान दिल्ली और भोपाल से कई रसूखदारों के फोन आएंगे जो काम रुकवाने का दबाव बनाएंगे। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा, अगर आप किसी भी सिफारिशी संदेश के आने से पहले कार्रवाई कर देंगे तभी गुनिया मुक्त हो पाएगी। अगर आप ऐसा करते हैं, तो मैं हरकदम पर आपके साथ खड़ा हूँ, लेकिन कागजों में काम करने से कुछ नहीं होगा।
संबोधन के दौरान विधायक ने मानस भवन का निर्माण कराने वाले पूर्व कलेक्टर रमाकांत मिश्र को याद किया। उन्होंने वर्तमान कलेक्टर की ओर मुखातिब होते हुए कहा, वह भी जिलाधीश थे और आप भी जिलाधीश हैं। उनके काम को लोग आज भी याद करते हैं। अगर आप आज कार्रवाई नहीं कर पाए, तो भविष्य में कुछ नहीं होगा। आप जैसे कई नकारा अफसर आएंगे और चले जाएंगे।
हालिया एलपीजी संकट और अन्य परेशानियों पर शोर मचाने वालों को टोकते हुए विधायक ने कहा कि संकट के समय सहनशीलता रखनी चाहिए। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि जब परिस्थितियां नियंत्रण से बाहर होती हैं, तभी लोग सुधरने की कोशिश करते हैं। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर से यहाँ तक कह दिया कि अगर ऐसी परिस्थिति आए, तो थोड़ा डंडा घुमा दिया करें।
इस विशेष कार्यक्रम में विधायक और कलेक्टर के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। विधायक के इन तीखे तेवरों के बाद प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।