सावन के पावन अवसर पर गौ सेवा गतिविधि ने शुरू किया नंदी पूजन
गुना। दयालवाणी
सावन के पावन मास के उपलक्ष्य में गौ सेवा गतिविधि गुना विभाग द्वारा नंदी पूजन एवं अभिषेक अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह विशेष अभियान 3 अगस्त से 30 अगस्त तक जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल प्रतिमाओं की पूजा न करके साक्षात जीवित गौवंश की सेवा, संरक्षण और संवर्धन का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
अभियान के तहत सावन मास के पहले सोमवार को समर्पित गौ सेवकों द्वारा जीवित नंदी महाराज का विशेष पूजन एवं अभिषेक किया गया। इस दौरान नंदी महाराज को फूल-मालाएं पहनाई गईं और हरा चारा खिलाकर सेवा-अर्चना की गई। गौ सेवकों ने बताया कि भगवान शिव अपने परमप्रिय नंदी की सेवा और सम्मान से विशेष प्रसन्न होते हैं, इसलिए साक्षात नंदी की सेवा ही सच्ची शिव आराधना है। आयोजकों ने जानकारी दी कि सावन माह के प्रत्येक सोमवार को यह पूजन एवं अभिषेक का क्रम निरंतर जारी रहेगा। गौ सेवा गतिविधि ने आमजन और गौ भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित इस पावन अभियान में सहभागी बनें, नंदी पूजन कर धर्म लाभ उठाएं और गौ सेवा का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लें।