समाजसेवी की सतर्कता से बची ट्रक चालक की जान, 5 घंटे तक पड़ा रहा बेहोश
शुगर लेवल गिरने से हालत गंभीर, समय पर अस्पताल पहुंचाने से मिला नया जीवन
अनंत न्यूज़ @गुना । शहर में मानवता की मिसाल पेश करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक समाजसेवी की तत्परता ने ट्रक चालक की जान बचा ली। शिक्षा विभाग के सामने एक व्यक्ति करीब 5 घंटे तक बेहोश पड़ा रहा, लेकिन लोग उसे शराबी समझकर नजरअंदाज करते रहे।
इसी दौरान समाजसेवी प्रमोद भार्गव को जब इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए टैक्सी बुलाकर अज्ञात व्यक्ति को जिला अस्पताल पहुंचाया। जांच में सामने आया कि व्यक्ति का शुगर लेवल गिरकर मात्र 18 रह गया था, जो बेहद खतरनाक स्थिति थी।
समय पर इलाज मिलने से व्यक्ति को होश आया, जिसने अपना नाम नरेश रेगर निवासी भीलवाड़ा बताया। वह सीमेंट से भरे ट्रक का चालक है। डॉक्टरों के अनुसार, यदि अस्पताल लाने में थोड़ी भी देरी होती, तो उसकी जान जा सकती थी।
प्रमोद भार्गव ने न केवल चालक का इलाज सुनिश्चित कराया, बल्कि उसके परिजनों और ट्रक मालिक को सूचना देकर वाहन और देखभाल की भी व्यवस्था करवाई। इस मानवीय पहल की शहरभर में सराहना की जा रही है।