भीषण गर्मी के चलते गुना में बदला स्कूलों का समय, सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 तक लगेंगी कक्षाएं
गुना। अनंत न्यूज़
जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के अनुसार अब जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, नवोदय एवं केंद्रीय विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है।
परीक्षाओं पर नहीं पड़ेगा असर
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने तय समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित होंगी।
निजी स्कूलों के लिए विशेष निर्देश
जो अशासकीय विद्यालय पहले से ही सुबह 7:30 बजे से पहले संचालित हो रहे हैं, उनके समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
शिक्षकों के लिए अलग समय
स्कूल स्टाफ एवं शिक्षकों का समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
यह आदेश कलेक्टर की अनुमति के बाद जारी किया गया है और जिले के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को इसका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।