बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में फूटा आक्रोश
आरोन में युवा परशुराम सेना ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
गुना।अनंत न्यूज़
बिहार के बहुचर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर गुना जिले में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। घटनाक्रम के विरोध में गुना के आरोन कस्बे में युवा परशुराम सेना ने एक विशाल रैली निकाली और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम मंजूषा खत्री को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
परशुराम सेना का दावा है कि भरत तिवारी एक समाजसेवी थे। उन्होंने एक मामले में कानून का सम्मान करते हुए खुद को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था। इसके बावजूद, बिहार पुलिस ने बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए एनकाउंटर की आड़ में इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। इस घटना के बाद से पूरे ब्राह्मण समाज में गहरा रोष व्याप्त है। परशुराम सेना ने मांग की है कि घटना के लिए जिम्मेदार दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इस पूरे एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जाए ताकि सच सामने आ सके। पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल देने के लिए भरत तिवारी के आश्रितों को उचित मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। रैली के दौरान युवा परशुराम सेना ने केंद्र और बिहार सरकार से मांग की है कि पीड़ितों को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए, अन्यथा आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।