यातायात व्यवस्था सुधारने नपाध्यक्ष से मिले सामाजिक संगठन
पेड पार्किंग, रोटरी शिफ्ट करने सहित दिए कई सुझाव
गुना। अनंत न्यूज़
शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जागरूक सोशल ग्रुप, परवाज सोशल ग्रुप और आनंदम सोशल ग्रुप ने सामूहिक रूप से नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता से मुलाकात कर प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की इच्छा जताते हुए एक सुझाव पत्र सौंपा है।
संगठनों ने यातायात सुधार के लिए दिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। जिसमें शहर के सबसे व्यस्त जयस्तंभ चौराहे की रोटरी को शिफ्ट करने और बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नलों को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की गई है। इसके अलावा ऑटो और अन्य यात्री वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने के लिए सड़कों पर सफेद लाइन खींचने की बात भी कही गई है। वहीं शहर के अत्यधिक व्यस्ततम और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहनों के सुगम आवागमन के लिए डिवाइडर बनने के बाद यातायात व्यवस्थित होने का दावा किया है। सामाजिक संगठनों ने विशेष रूप से बापू पार्क और हाट रोड स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में 'पेड पार्किंग' व्यवस्था शुरू करने का सुझाव दिया है। संगठनों का मानना है कि इससे न केवल सड़कों पर होने वाले अवैध पार्किग और जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि नगरपालिका को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त हो सकेगा। नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने सामाजिक संगठनों द्वारा दिए गए इन व्यावहारिक सुझावों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना हमारी प्राथमिकता है और इस कार्य में सामाजिक संगठनों का सहयोग सराहनीय है। नपा अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि प्रशासन और संगठन मिलकर जल्द ही इन सुझावों पर जमीनी स्तर पर काम शुरू करेंगे।