पुलिस रोकने की तैयारी मेें थी, कांग्रेस ने पुतला ही नहीं जलाया
जीतू पटवारी पर टिप्पणी से भड़की कांग्रेस ने किया सीएम के खिलाफ प्रदर्शन
गुना। अनंत न्यूज़
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गुना के हनुमान चौराहे पर विशाल विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुतला दहन की आशंका के चलते जिला प्रशासन द्वारा मौके पर फायर ब्रिगेड और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। संभवत: प्रशासन को अंदेशा था कि आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सकते हैं। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री को ऐसी अभद्र भाषा शोभा नहीं देती। कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा की पार्टी है और व्यवहार में हमेशा संयम रखती है, ऐसी ही अपेक्षा सत्ताधारी दल से भी की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समय प्रदेश की जनता महंगाई और बिजली कटौती जैसी गंभीर समस्याओं से परेशान है और सरकार का ध्यान इस ओर नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री ने अपने अमर्यादित आचरण के लिए जीतू पटवारी से तत्काल माफी नहीं मांगी, तो कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।