नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार ट्रक का तांडव
पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, फिर जीप को उड़ाया; 1 बुजुर्ग की मौत, मासूम सहित कई मजदूर घायल
गुना। अनंत न्यूज़
राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने जमकर तांडव मचाया। बेकाबू होकर मौत बनकर दौड़ रहे ट्रक ने एक के बाद एक दो वाहनों को बेरहमी से टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में जीप सवार एक बुजुर्ग मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि डेढ़ साल की मासूम बच्ची सहित 8 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गुना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे का शिकार हुए दोनों ही वाहनों में दिहाड़ी पर काम करने वाले गरीब मजदूर सवार थे, जो सुबह-सुबह अपने परिवार का पेट पालने के लिए काम पर निकले थे।
यह दर्दनाक हादसा गुरुवार सुबह करीब 9 बजे राघौगढ़ से पहले साडा कॉलोनी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बेकाबू ट्रक ने सबसे पहले मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर ही पलट गई और उसके पीछे बंधी कंक्रीट मिक्सर मशीन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना होते ही हाइवे पर दिल दहला देने वाली चीख-पुकार मच गई। चारों ओर खून से लथपथ घायल तड़प रहे थे और उनकी दर्दभरी आवाजें सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों के कलेजे कांप उठे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी मजदूर बंजारा समाज के थे, जो दौराना से कुंभराज की ओर छत डालने के काम के लिए जा रहे थे। इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार केदार नायक, रितु नायक और गुलाब बाई की डेढ़ साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। मासूम की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
पहली टक्कर के बाद भाग रहे ट्रक ने जीप को उड़ाया
पहली टक्कर के बाद घबराया ट्रक चालक रुकने या घायलों की मदद करने के बजाय वाहन को और तेजी से भगाते हुए आगे बढ़ा। कुछ ही दूरी पर जाकर उसने मजदूरों से भरी एक जीप को अपनी चपेट में ले लिया। जीप में 15 से ज्यादा मजदूर सवार थे, जो ग्राम ईसाटोरा के निवासी बताए जा रहे हैं। ये सभी मजदूर काम के सिलसिले में राजस्थान जा रहे थे। टक्कर से ठीक कुछ देर पहले ही इन मजदूरों ने एक हाईवे होटल पर रुककर नाश्ता किया था और अपनी यात्रा पर निकले ही थे। जीप में सवार अधिकांश मजदूर सहरिया वर्ग से थे। इस हादसे में जीप सवार 60 वर्षीय बुजुर्ग मजदूर पहलवान सहरिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 से अधिक मजदूरों के घायल होने की खबर है।
गरीब परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़: मजदूरी छूटी, अब महीनों उपचार का खर्च कैसे उठाएंगे?
हादसे की खबर जैसे ही मजदूरों के गांवों में पहुंची, कोहराम मच गया। रोते-बिलखते गरीब मजदूरों के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल की ओर दौड़े। अस्पताल परिसर में चारों ओर चीख-पुकार और अपनों को सुरक्षित देखने की तड़प साफ दिखाई दे रही थी। इस हादसे ने इन बेहद गरीब परिवारों को गहरे संकट में धकेल दिया है। एक ओर जहां घर के कमाऊ सदस्यों की मजदूरी छूट गई है और उनकी दैनिक आय का एकमात्र जरिया बंद हो गया है, वहीं दूसरी ओर कई महीनों तक चलने वाले महंगे उपचार का भारी-भरकम खर्च इन परिवारों को अलग से बर्दाश्त करना पड़ेगा। घायलों के परिजनों के सामने अब यह गंभीर संकट खड़ा हो गया है कि वे अपने अपनों की जान बचाएं या घर का खर्च चलाएं।
ट्रक पुलिस की गिरफ्त में, हाइवे पर लगा जाम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया और यातायात सुचारू किया। इस बीच पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकेबंदी की और दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक को राघौगढ़ से कुछ दूरी पर घेराबंदी कर पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।