नजूल कॉलोनी पहुंची एसपी ने दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
गुना।अनंत न्यूज़
नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत शुक्रवार शाम गुना शहर की नजूल कॉलोनी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद एसपी हितिका वासल ने आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
इस दौरान अपने संबोधन में एसपी हितिका वासल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को दीमक की तरह खोखला कर देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशे से दूर रहने, युवाओं को इसके प्रति जागरूक करने और समाज में नशामुक्त वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम के दौरान एडिशनल प्रशांत सिंह सुमन, गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार ऐसी गतिविधियाँ आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।