दुकानदार ने दोबारा जमा किया था पॉलीथिन का जखीरा
नगरपालिका नें छापामार कार्रवाई की, 5 हजार जुर्माना वसूला
गुना। अनंत न्यूज़
नगर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में नगर पालिका प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता के निर्देश एवं सीएमओ शैलेश अवस्थी के आदेशानुसार स्वच्छता निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव और उनकी टीम ने शहर के मुख्य बाजार में औचक दबिश दी। इस दौरान सत्यनारायण मंदिर वाली गली में संचालित जैन रोप सेंटर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित और अमानक पॉलिथीन जब्त की गई।
स्वच्छता टीम द्वारा की गई इस छापामार कार्रवाई के दौरान दुकान से लगभग 1 क्विंटल 20 किलोग्राम प्रतिबंधित अमानक पॉलिथीन जब्त की गई, जिसका बाजार मूल्य करीब 22 हजार रुपए आंका गया है। खास बात यह है कि इस दुकानदार ने नियमों का उल्लंघन दूसरी बार किया था, इसके चलते मौके पर ही 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। दुकान मालिक को चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में दोबारा प्रतिबंधित अमानक पॉलिथीन का क्रय-विक्रय करते पाए गए, तो इससे भी अधिक राशि का अर्थदंड लगाया जाएगा।
मक्के से बनी थैली इस्तेमाल करने की सलाह
कार्रवाई के बाद स्वच्छता निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव ने प्रतिबंधित और अमानक पॉलिथीन हमारे पर्यावरण और मवेशियों के लिए बेहद घातक बताते हुए इसका इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। दुकानदारों को बायो डिग्रेडेबल यानी मक्के से बनी थैलियों का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है। इसके स्थान पर सभी दुकानदार बायो-डिग्रेडेबल (मक्के से बने हुए कैरी बैग) का उपयोग करें, ताकि सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुधन को अकाल मृत्यु से बचाया जा सके। उन्होंने शहरवासियों से गुना को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना अमूल्य योगदान देने का आग्रह किया। इस पूरी कार्रवाई को मुस्तैदी से अंजाम देने में शोभित जादौन और वीरू चकवा का विशेष व महत्वपूर्ण योगदान रहा।