तरुण खटीक हत्याकांड को लेकर गुना में भी आक्रोश
राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर हत्यारों को फांसी देने की मांग की
अनंत न्यूज़ @गुना। दिल्ली के उत्तम नगर में तरुण खटीक की नृशंस हत्या के विरोध में आज गुना जिले के सर्व हिंदू समाज और खटीक समाज ने एकजुट होकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित यह ज्ञापन जिला प्रशासन के प्रतिनिधि को सौंपा गया, जिसमें दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की गई।
ज्ञापन देने से पूर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान खटीक समाज के वक्ताओं ने कहा कि दिल्ली की घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। एक 6 साल की बच्ची द्वारा अनजाने में फेंके गए गुब्बारे जैसी मामूली बात पर दर्जनों लोगों का मिलकर एक युवक की जान ले लेना यह दशार्ता है कि यह कोई तात्कालिक विवाद नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। सर्व हिंदू समाज ने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार और राष्ट्रपति से मांग की है कि तरुण खटीक के हत्यारों को चिह्नित कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से फांसी की सजा दी जाए। मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। इस हत्याकांड के पीछे की मंशा और शामिल सभी असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कठोर कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में उपस्थित पदाधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि हिंदू समाज अब ऐसी कायरतापूर्ण घटनाओं पर चुप नहीं बैठेगा। यदि इस मामले में जल्द और उचित न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा। इस अवसर पर खटीक समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधि और सैकड़ों की संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।