तंबाकू खाया है, थूका नहीं... बहस काम न आई, कानून चला
जिला अस्पताल में कोटपा की धारा-4 के तहत सख्त कार्रवाई, 8 लोगों पर लगा जुर्माना
गुना। अनंत न्यूज़
साहब! तंबाकू सिर्फ खाया है, थूका तो नहीं है... जिला अस्पताल परिसर में जब प्रशासनिक टीम ने चेकिंग शुरू की, तो कुछ लोग ऐसे ही अजीब तर्क देकर बचने की कोशिश करते नजर आए। हालांकि, टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील और सार्वजनिक स्थल पर तंबाकू का सेवन पूरी तरह से कानून और जनस्वास्थ्य के खिलाफ है।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला अस्पताल को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर महिमा चौधरी और कार्यक्रम की नोडल अधिकारी विनीता सोनी ने परिसर का औचक जायजा लिया। इस दौरान सार्वजनिक स्थान पर तंबाकू और बीड़ी का सेवन करते पाए गए 8 लोगों पर 'सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम' (कोटपा), 2003 की धारा-4 के तहत जुर्माने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कई मरीजों और स्वजनों ने इस तंबाकू मुक्त अभियान की सराहना की, वहीं नियम तोड़ने वालों को सख्त समझाइश दी गई कि अस्पताल इलाज की जगह है, इसे नशा करने का अड्डा न बनाएं। डिप्टी कलेक्टर महिमा चौधरी ने साफ किया कि अस्पताल में तंबाकू सेवन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं नोडल अधिकारी विनीता सोनी ने लोगों से स्वयं तंबाकू छोड़ने और दूसरों को जागरूक करने की अपील की। इस पूरी कार्रवाई में जयवीर सिंह रघुवंशी, शैलेंद्र सिंह, आदिल खान, सादिक खान और मोनू जाटव का विशेष योगदान रहा।