घंटों कटौती और अनाप-शनाप बिलों से फूटा गुस्सा
बिजली कंपनी के खिलाफ उपभोक्ताओं का हल्लाबोल
गुना।अनंत न्यूज़
शहर सहित ग्रामीण इलाकों में जारी घोषित-अघोषित बिजली कटौती और मनमाने बिलों के खिलाफ शुक्रवार को बिजली उपभोक्ता एसोसिएशन ने बिजली कंपनी के कार्यालय के बाहर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। नौतपा और भीषण गर्मी के बीच बिना सूचना घंटों गुल रहने वाली बत्ती से त्रस्त नागरिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए लोकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस और आंधी-तूफान के बहाने पूरी रात लाइट बंद रखना कंपनी के निजीकरण और ठेका प्रथा का नतीजा है। घटिया उपकरणों के इस्तेमाल से बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं, जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है। वहीं, बिजली जनता यूनियन के नेता नरेंद्र भदौरिया ने स्मार्ट मीटर की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मीटर बदलते ही बिल अनाप-शनाप आ रहे हैं। शिकायतों के बाद भी सुनवाई नहीं होती और बिल जमा न होने पर जबरन कनेक्शन काट दिए जाते हैं। एसोसिएशन के मनीष श्रीवास्तव ने तीखा तंज कसते हुए पूछा कि कंपनी जिस मुस्तैदी से स्मार्ट मीटर थोप रही है, उतनी मुस्तैदी से सुविधाएं स्मार्ट क्यों नहीं बना रही? क्या यह सिर्फ 'स्मार्ट लूट' का तरीका है? प्रदर्शन में मनोज रजक, आनंद सक्सेना और रवि शर्मा बंजारा ने भी विचार रखे, जबकि संचालन विकास बंसल ने किया। प्रदर्शन के बाद बिजली कंपनी के अधिकारियों को एक ज्ञापन भी दिया गया। जिसमें उपभोक्ताओं की तमाम समस्याओं का जिक्र किया गया है।