कलेक्टर कन्याल के निर्देश पर मोबाइल कोर्ट की बड़ी कार्रवाई

मौके पर नाप कर दिलाया भूमि पर कब्जा

कलेक्टर कन्याल के निर्देश पर मोबाइल कोर्ट की बड़ी कार्रवाई

गुना।अनंत न्यूज़

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निदेर्शानुसार जिले में जमीन से जुड़े विवादों के तुरंत निपटारे के लिए मोबाइल कोर्ट के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में ग्राम आमखेड़ा मुंगीस (तहसील आरोन) में जनसुनवाई के दौरान आए एक जमीन पर कब्जे के मामले का मौके पर ही निराकरण किया गया।

जनसुनवाई में आवेदक चंद्रेश सिंह राजपूत (पुत्र रणवीर सिंह, निवासी ग्राम आमखेड़ा मुंगीस) द्वारा दिए गए आवेदन पर संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आरोन के मार्गदर्शन में राजस्व टीम ने सीधे मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि ग्राम आमखेड़ा मुंगीस स्थित आवेदक की भूमि सर्वे क्रमांक 54/2, कुल रकबा 0.763 हेक्टेयर में से लगभग 0.418 हेक्टेयर जमीन पर अनावेदक द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। राजस्व दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जरीब से जमीन की पैमाइश की और उसका सीमांकन किया। टीम ने भूमि की वास्तविक सीमा चिन्हित करते हुए आवेदक को उसकी जमीन का वास्तविक कब्जा वापस दिलाया और पूरी कार्रवाई का पंचनामा तैयार किया। मोबाइल कोर्ट की इस त्वरित कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार आरोन अमित जैन, हल्का पटवारी भावना चौहान, ग्राम कोटवार सहित आवेदक, अनावेदक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।