अवैध मुरम परिवहन पर खनिज विभाग का शिकंजा
राजस्थान पासिंग डंपर जब्त
गुना। अनंत न्यूज़
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश अनुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध प्रशासन की मुहिम लगातार जारी है। अवैध मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के बीच अब खनिज माफियाओं पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार को खनिज विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान विनायकखेड़ी (हड्डी मिल के पास) में एक डंपर को रोका गया। जांच के दौरान डंपर में खनिज मुर्रम का परिवहन किया जा रहा था। जब रॉयल्टी के कागजों की जांच की गई, तो वाहन में मुर्रम की मात्रा उल्लेखित रॉयल्टी से कहीं अधिक पाई गई। अवैध परिवहन पाए जाने पर खनिज अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डंपर को मौके पर ही जब्त कर लिया। उक्त वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से बजरंगगढ़ थाना पुलिस की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और उत्खननकतार्ओं के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस छापामार कार्रवाई में खनिज अधिकारी सचिन वर्मा, प्रभारी खनिज निरीक्षक विजय कुमार चक्रवर्ती सहित खनिज विभाग का पूरा अमला और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन और रॉयल्टी चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।