16 साल से चकमा दे रहा 68 हजार का इनामी बदमाश शिकंजे में

गुना पुलिस की स्पेशल टीम का बड़ा एक्शन, 9 स्थायी वारंटों में वांछित कुख्यात पारदी गिरफ्तार

16 साल से चकमा दे रहा 68 हजार का इनामी बदमाश शिकंजे में
पुलिस गिरफ्त में आरोपी

गुना। अनंत न्यूज़

लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे आदतन अपराधियों पर गुना पुलिस काल बनकर टूट रही है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के कुशल नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गठित 'स्पेशल टीम' ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 16 वर्षों से फरार 68 हजार रुपये के इनामी और 09 स्थायी वारंटों में वांछित कुख्यात पारदी बदमाश बेचैन पारदी (30 वर्ष) निवासी कनेरा को धर दबोचा है।

आरोपी बेचैन पारदी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उस पर चोरी, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं के तहत कैंट, धरनावदा, चांचौड़ा और फतेहगढ़ थानों में गंभीर मामले दर्ज थे। 21 जुलाई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव कनेरा आया हुआ है। सूचना मिलते ही डीएसपी आनंद कुमार राय के नेतृत्व वाली स्पेशल टीम ने तत्परता दिखाते हुए गांव में घेराबंदी की और भागने का प्रयास कर रहे बदमाश को दबोच लिया। पारदी गिरोहों पर लगाम कसने के लिए गठित इस स्पेशल टीम ने पिछले एक माह के भीतर तकनीकी और मुखबिर तंत्र के दम पर 40 स्थायी वारंट तामील कराए हैं। साथ ही अजमल, बलवीर, रामनाथ, गजराम, चिंटू और अब बेचैन पारदी समेत कुल 1.40 लाख रुपये के 06 इनामी पारदी अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुँचाया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप व्याप्त है।