12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
ललितपुर।अनंत न्यूज़
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्यप्रकाश की अध्यक्षता में प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योग सप्ताह एवं 21 जून को होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से योग दिवस कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 से 21 जून तक पूरे जनपद में योग सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान योगाभ्यास, जागरूकता अभियान, संगोष्ठियां, निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, प्रभात फेरियां तथा स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 15 जून को सभी विकास खंड एवं तहसील मुख्यालयों पर योग सप्ताह का शुभारंभ किया जाएगा।
वहीं 21 जून को पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय भव्य योग समारोह आयोजित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास भी कराया जाएगा।
बैठक में यातायात, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा एवं प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयुष विभाग के संयोजन में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गायत्री परिवार, ब्रह्माकुमारी, पतंजलि योग संस्थान सहित अनेक सामाजिक एवं योग संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।