हीराबाग के सामने किराना दुकान में भीषण आग
करीब 15 लाख रुपए के नुकसान की आशंका
गुना।अनंत न्यूज़
शहर के हीराबाग क्षेत्र में सामने मंगलवार को दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे एक मकान की निचली मंजिल पर संचालित किराना दुकान भीषण आग लग गई। आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने दुकान से आग की लपटें और धुआं उठता देखा, तो रहवासी तुरंत मौके पर एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की मशक्कत शुरू की और आग को और ज्यादा फैलने से रोका। सूचना मिलने पर नगरपालिका की दमकल टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। घटना के वक्त पीड़ित सुनील साहू अशोकनगर जिले में अपनी बहन के यहां गए हुए थे। दुकान में आग लगने की जानकारी मिलते ही वे आनन-फानन में किसी तरह वापस गुना पहुंचे। पीड़ित व्यवसायी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग के कारण दुकान में रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है, जिससे उन्हें लगभग 15 लाख रुपए के नुकसान की आशंका है।