हिलगना बस प्रतीक्षालय में मिला युवक का संदिग्ध शव
पुलिस ने कब्जे में लेकर अस्पताल भेजा, पहचान के प्रयास जारी
गुना। अनंत न्यूज़
गुना में एबी रोड स्थित हिलगना बस प्रतीक्षालय में सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार 29 जून की सुबह करीब 8 बजे एबी रोड स्थित हिलगना प्रतीक्षालय में स्थानीय लोगों और राहगीरों ने एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़े हुए देखा। पास जाकर देखने पर शरीर में कोई हलचल नहीं थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष है। उसने काले रंग का पेंट और सफेद रंग की शर्ट पहन रखी है। मृतक के पास से फिलहाल ऐसा कोई दस्तावेज या आईडी नहीं मिली है, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने आसपास के थानों में हुलिए के आधार पर सूचना भेज दी है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।