हमीरपुर में भैंस चोरी से ग्रामीणों में दहशत, 100 से अधिक पशुपालक पहुंचे फतेहगढ़ थाने

हमीरपुर में भैंस चोरी से ग्रामीणों में दहशत, 100 से अधिक पशुपालक पहुंचे फतेहगढ़ थाने

फतेहगढ़/गुना।अनंत न्यूज़

ग्राम हमीरपुर में पिछले दो से तीन वर्षों से लगातार हो रही भैंस चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। आए दिन होने वाली चोरियों के कारण पशुपालकों में भय और असुरक्षा का माहौल है। इसी समस्या को लेकर शनिवार को गांव के करीब 90 से 100 ग्रामीण एकजुट होकर फतेहगढ़ थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में सक्रिय एक अज्ञात गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा है। पिछले कुछ सालों में गांव और आसपास के इलाकों से लगभग 70 से 80 भैंसें चोरी हो चुकी हैं, जिन्हें कथित तौर पर राजस्थान में बेच दिया जाता है। इससे पशुपालकों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि संदिग्ध आरोपियों के पास हथियार होने की आशंका रहती है, जिसके कारण कोई भी जोखिम उठाने की हिम्मत नहीं कर पाता और अब लोग रात-रात भर जागकर अपने पशुओं की रखवाली करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।