हनुमान चौराहे के प्रॉपर्टी ऑफिस में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
छत की चादर हटाकर ऑफिस में घुसा था चोर, 20 हजार रुपए बरामद; कोर्ट ने भेजा जेल
गुना।दयालवाणी
हनुमान चौराहे स्थित प्रॉपर्टी डीलिंग ऑफिस में हुई चोरी का कैंट थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए 20 हजार रुपए बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बांसखेड़ी निवासी अमित रघुवंशी का हनुमान चौराहे के पास दूसरी मंजिल पर प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस है। 8 जून 2026 की रात ऑफिस बंद कर वह घर चले गए थे। अगले दिन ऑफिस खोलने पर छत की चादर खुली मिली और अंदर सामान अस्त-व्यस्त था। ऑफिस में रखी नकदी भी गायब थी।
फरियादी की रिपोर्ट पर कैंट थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 436/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
CCTV और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
लगातार जांच के बाद पुलिस को 8 अगस्त को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी कृष्णा पुत्र जसराम लोधा, उम्र 30 वर्ष, निवासी पारकना सहराई, जिला अशोकनगर, हाल निवासी मंदसौर मील अशोकनगर को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने प्रॉपर्टी डीलिंग ऑफिस में चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए 20 हजार रुपए बरामद कर लिए।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी कृष्णा लोधा को 9 अगस्त को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक दीपेन्द्र सिंह परिहार, आरक्षक शुभम रघुवंशी और महिला आरक्षक सीमा चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।