स्वास्थ्य केंद्र में 35 लोगों ने ली नशा मुक्ति की शपथ

15 मानसिक रोगियों का हुआ उपचार और परामर्श, डिप्रेशन और तनाव को लेकर किया जागरूक

स्वास्थ्य केंद्र में 35 लोगों ने ली नशा मुक्ति की शपथ

गुना। अनंत न्यूज़

जिले के आरोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय गुना की मनकक्ष टीम द्वारा लगाया गया।

शिविर के दौरान डॉ. देवकी नंदन किरार द्वारा पहुंचे हुए मरीजों का गहन मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक परामर्श व मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इस शिविर में कुल 15 मानसिक रोगियों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिला। साथ ही, उपस्थित लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। शिविर में मनकक्ष टीम द्वारा आमजन को अवसाद (डिप्रेशन), चिंता विकार (एंग्जायटी), आॅब्सेसिव कंपल्सिव डिसआॅर्डर (डउऊ) और अत्यधिक तनाव से जुड़ी समस्याओं के लक्षण और उनके बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि मानसिक बीमारी को छुपाने के बजाय समय पर इसका इलाज कराना बेहद जरूरी है। मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ शिविर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इसके तहत अस्पताल स्टाफ और वहां मौजूद आम नागरिकों को जीवन में कभी भी नशा न करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इस नशा मुक्ति अभियान और शपथ ग्रहण में 35 लोगों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।