सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई: कलेक्टर

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

गुना। अनंत न्यूज़

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागीय कार्यों एवं जनहित योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर ह्लनॉट अटेंडेडह्व शिकायत नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभाग प्रमुखों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और आमजनों की समस्याओं का निराकरण करना हम सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी एसडीएम को नियमित रूप से चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण और उन्हें जागरूक व सशक्त बनाया जा सके। इसके अलावा भूमि आवंटन से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के लिए कहा गया।

ज्ञान भारतम् पोर्टल के लिए ऐतिहासिक धरोहरों का होगा संकलन

बैठक की शुरूआत में ह्लज्ञान भारतम् पोर्टलह्व के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि 75 वर्ष से अधिक पुराने ग्रंथ, वेद, पांडुलिपियां एवं अन्य ऐतिहासिक दस्तावेजों का संकलन पोर्टल पर किया जाना है। इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने एसडीएम सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के प्रतिष्ठित एवं वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर ऐसी पुरानी धरोहरों का संरक्षण एवं दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करें।

पेयजल, बिजली कटौती एवं नरवाई जलाने की घटनाओं पर सतर्कता बरतने के निर्देश

विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि रणनीति बनाकर कार्य करें तथा ऐसे समय में बिजली कटौती न की जाए जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो। नरवाई जलाने की घटनाओं को लेकर भी कलेक्टर ने सभी एसडीएम को लगातार मॉनिटरिंग करने एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों एवं आमजनों से अपील की कि जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ जैसे अवसरों पर अधिक से अधिक प्याऊ स्थापित कर समाजहित में योगदान दें।

ड्रॉप आउट बच्चों पर विशेष फोकस एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर

शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि ड्रॉप आउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुन: स्कूल से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि हर बच्चा शिक्षा से जुड़ सके। महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र समय पर खुलें तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो और इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए।