सिंधी समाज ने श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया चेटीचंड उत्सव
जयस्तंभ चौराहे पर बांटा प्रसाद
अनंत न्यूज़ @गुना। शहर में शुक्रवार को भगवान झूलेलाल जयंती और चेटीचंड का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्थानीय सिंधी समाज द्वारा सुबह 10 बजे जयस्तंभ चौराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ भगवान झूलेलाल के चित्र पर माल्यार्पण कर विधि-विधान से पूजन किया गया।उत्सव की शुरूआत में भगवान को मीठे चावल का भोग लगाया गया, जिसे बाद में राहगीरों और श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी के रूप में वितरित किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी राजेश अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान झूलेलाल के चरणों में नमन करते हुए समस्त देशवासियों को जयंती की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। समाज के अध्यक्ष आनंद कृष्णानी ने भगवान झूलेलाल के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए दिन भर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की। जयंती महोत्सव के अंतर्गत शाम के समय भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। गुरुद्वारा सिंह सभा में शाम 4 बजे से 5 बजे तक सुखमनी साहिब का पाठ किया। इसके पश्चात शाम 5 बजे 'बहिराना' प्रज्वलित किया गया। शाम 7.30 बजे से रात 9.30 बजे तक सामूहिक लंगर सेवा का आयोजन किया गया , जिसमें समाज के सभी लोगों नें शामिल होकर अरदास की ।
महोत्सव के दौरान संरक्षक राजकुमार डगवानी, उत्तम दास माधवानी, अध्यक्ष आनंद कृष्णानी, सचिव संजय सोभवानी, कोषाध्यक्ष प्रदीप माधवानी, जगदीश माधवानी, अनिल माधवानी, अनूप खत्री, अमित खत्री, दौलत राम छाबड़ा, पंकज मोटवानी, विजय छाबड़ा, रहेजा जी, बालचंद वाधवानी और हर्षित माधवानी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूरा सिंधी बाहुल्य क्षेत्र भगवान झूलेलाल के जयकारों से गुंजायमान रहा।