ललितपुर में 200 साल पुराना नीम का पेड़ अचानक गिरा, दुकान क्षतिग्रस्त, टला बड़ा हादसा

ललितपुर में 200 साल पुराना नीम का पेड़ अचानक गिरा, दुकान क्षतिग्रस्त, टला बड़ा हादसा

ललितपुर। अनंत न्यूज़

शहर के सदर कांटे के पास टंकी के सामने सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 200 साल पुराना बताया जा रहा एक विशाल नीम का पेड़ अचानक टूटकर नीचे गिर गया। पेड़ के गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वर्षों पुराना यह नीम का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा और सामने स्थित एक दुकान पर जा गिरा। हादसे में दुकान को नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नीम का पेड़ इलाके की पहचान माना जाता था और लंबे समय से वहां खड़ा था। घटना के बाद लोगों ने पेड़ हटाने का कार्य शुरू कर दिया।

फिलहाल पेड़ के अचानक गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।