ललितपुर में मीडिया को मिला जनगणना-2027 की स्वगणना का प्रशिक्षण

अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने प्रेस क्लब पहुंचकर पत्रकारों को कराया ऑनलाइन डेमो, आमजन से भी स्वगणना करने की अपील

ललितपुर में मीडिया को मिला जनगणना-2027 की स्वगणना का प्रशिक्षण

ललितपुर।अनंत न्यूज़

 भारत की जनगणना-2027 के तहत जिले में स्वगणना अभियान शुरू हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने प्रेस क्लब पहुंचकर मीडिया प्रतिनिधियों को स्वगणना प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया।

कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों को ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं मकान सूचीकरण और आवश्यक जानकारियां भरने का व्यवहारिक डेमो दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी स्वगणना पूरी की और उन्हें स्वगणना पहचान संख्या (SEID) प्राप्त हुई, जिसे भविष्य के लिए सुरक्षित रखने की सलाह दी गई।

प्रशासन के अनुसार जनगणना-2027 के प्रथम चरण में 7 मई से 21 मई 2026 तक स्वगणना कार्य किया जाएगा, जबकि 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान स्वगणना पहचान संख्या के आधार पर सूचनाएं सत्यापित की जाएंगी।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि नागरिक अपने मोबाइल या लैपटॉप से घर बैठे भी स्वगणना कर सकते हैं। इसके लिए जनगणना पोर्टल पर लॉगिन कर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी भरनी होगी।

स्वगणना प्रक्रिया में मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री, पानी और बिजली की उपलब्धता, शौचालय, रसोई, ईंधन, पारिवारिक संपत्ति, इंटरनेट, वाहन, शिक्षा, व्यवसाय सहित परिवार के सभी सदस्यों का विस्तृत विवरण दर्ज किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी ने मीडिया से अपील की कि वे स्वयं स्वगणना करें और आमजन को भी इसके लिए जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग आसानी से इस प्रक्रिया को पूरा कर सकें।