मृगवास पुलिस की नाकाबंदी : 4 अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर दबोचे, 7.20 लाख का माल जब्त

मृगवास पुलिस की नाकाबंदी :  4 अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर दबोचे, 7.20 लाख का माल जब्त

गुना। अनंत न्यूज़

जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में मृगवास थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

थाना प्रभारी संदीप यादव और उनकी टीम ने घेराबंदी कर चार अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो आरोपी उड़ीसा राज्य के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.157 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें सहित कुल 7.20 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। मृगवास थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार व्यक्ति दो मोटरसाइकिलों पर गांजा लेकर कुंभराज से छबड़ा (राजस्थान) की ओर जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छबड़ा रोड़ पर बडौद गांव के पास योजनाबद्ध तरीके से नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे चारों आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम ब्रह्मानंद मीना (कुंभराज, गुना), गरीब सूना (बलांगीर, उड़ीसा), ललित मीना (चाचौड़ा, गुना) और गुणसागर टांड़ी (बलांगीर, उड़ीसा) बताए। तलाशी के दौरान उनके बैग से 5 लाख रुपये कीमत का 10.157 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजे सहित तस्करी में प्रयुक्त पल्सर और हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (कीमत 2.20 लाख रुपये) जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संदीप यादव, चौकी प्रभारी नीरज लोधी, राजेश कुमार, सोहन अनारे, नीरज धाकड़, राहुल बघेल, रवि यादव, विकाश राठौर, रामवीर रघुवंशी, जितेन्द्र यादव और साइबर सेल के कुलदीप भदौरिया व भूपेन्द्र खटीक की मुख्य भूमिका रही।