महंगाई के खिलाफ ज्ञापन देने पहुंचे कांग्रेसियों ने गाया भजन
छुट्टी की वजह से एसडीएम नहीं मिलीं, जताई नाराजगी
अनंत न्यूज़ @गुना | रसोई गैस की किल्लत, बिजली दरों में बढ़ोतरी और पेट्रोल-डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने गुना के हनुमान चौराहे पर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश और जिला अध्यक्ष जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को जमकर आड़े हाथों लिया।
प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति गंभीर हो गई जब कांग्रेस नेता ज्ञापन देने एसडीएम कार्यालय पहुँचे। नेताओं का आरोप था कि एसडीएम ने दोपहर 1 बजे का समय दिया था, लेकिन उनके पहुँचने पर अधिकारी मौजूद नहीं थे। कर्मचारियों ने बताया कि 30 मार्च को महावीर जयंती पर छुट्टी है। इस पर नाराज कांग्रेसियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग की। जब कोई अधिकारी नहीं आया, तो कांग्रेसी कार्यालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए और 'रघुपति राघव राजा राम' भजन गाकर अपना विरोध दर्ज कराया। बाद में नायब तहसीलदार कमल सिंह मंडेलिया ने मौके पर पहुँचकर ज्ञापन लिया। इससे पहले हनुमान चौराहे पर हुए प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष पं. रजनीश शर्मा ने कहा कि महंगाई की मार ने आम नागरिक की कमर तोड़ दी है। एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत से रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने गैस के दाम 60 रुपए बढ़ा दिए हैं और आगे भी बढ़ोतरी की संभावना है। गैस बुकिंग का वेटिंग टाइम बढ़ने से लोग परेशान हैं। बढ़ती लागत के कारण उद्योग-धंधे बंद होने की कगार पर हैं, जिससे बेरोजगारी चरम पर पहुँच गई है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की विदेश नीति की भी आलोचना की और मांग की कि ईंधन पर लगने वाले टैक्स को तत्काल कम किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि ऐसी सरकारों को उखाड़ फेंकें जो महंगाई को बढ़ावा दे रही हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार विरोधी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।