भुल्लनपुरा चौराहे पर चला बुलडोजर, हादसों के बाद खुली प्रशासन की नींद
कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व और नगर पालिका की टीम हुई सक्रिय
अनंत न्यूज़ @ गुना | शनिवार को नगरपालिका, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने भुल्लनपुरा चौराहे पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिसे देखकर लगता है कि शहर के व्यस्ततम बजरंगगढ़ बायपास और एबी रोड पर लगातार हो रहे जानलेवा हादसों के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह नींद से जाग चुका है
बता दें कि पिछले दिनों बजरंगगढ़ बायपास पर एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें एक बच्चे के पैर ट्रक की चपेट में आने से बुरी तरह कुचल गए थे । इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों का आक्रोश चरम पर था और उन्होंने सडक़ जाम कर भारी वाहनों के प्रवेश व अतिक्रमण पर रोक लगाने की मांग की थी।
शनिवार को हुई कार्रवाई के दौरान तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा, नगर पालिका और पुलिस की टीम भुल्लनपुरा चौराहे पर पहुंची। यहाँ दुकानों के आगे फैलाए गए अस्थाई सामान को जब्त करने के साथ ही सडक़ की सीमा में आने वाले स्थाई निर्माणों को जेसीबी से ढहा दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की माने तो पहले चरण में केवल अस्थाई कब्जे हटाए गए थे, लेकिन अब स्थाई अतिक्रमणों को चिन्हित करने के लिए दोबारा विस्तृत सर्वे कराया जा रहा है। अधिकारियों ने दुकानदारों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपने चबूतरे और टीनशेड हटा लें, अन्यथा प्रशासन उन्हें बलपूर्वक हटाकर सडक़ की वास्तविक चौड़ाई बहाल करेगा।