बुलेट के 'पटाखों' पर गुना पुलिस का कड़ा प्रहार
7 दिन में 25 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त, एक बुलेट पर लगा 17 हजार का भारी जुर्माना
गुना।अनंत न्यूज़
शहर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने और हुड़दंग मचाने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ गुना यातायात पुलिस ने चौतरफा शिकंजा कस दिया है। गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में अवैध हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ एक विशेष और बेहद प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीमें शहर के मुख्य चौराहों पर तैनात हैं और शांति भंग करने वाले ऐसे वाहन चालकों को कड़ा सबक सिखा रही हैं। एक ही बुलेट पर लगा 17 हजार का जुमार्ना, मंगवाया ओरिजिनल साइलेंसर
इस कड़े अभियान के तहत गत 14 जुलाई को जज्जी बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसी ही बुलेट मोटरसाइकिल को पकड़ा, जिसके साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाजें निकल रही थीं। पुलिस ने तत्काल वाहन को जब्त कर थाने पहुंचाया, जहाँ मैकेनिक से उसका मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर जब्त कर लिया गया। इसके बाद वाहन मालिक से कंपनी का मूल (ओरिजिनल) साइलेंसर मंगवाकर गाड़ी में फिट कराया गया। मामला जब माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत हुआ, तो कोर्ट ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामी पर 17,000 रुपये का भारी-भरकम जुमार्ना ठोक दिया।