बारात में मचा कहर: साइड न देने पर ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, दूल्हे ने कूदकर बचाई जान
म्याना कस्बे में सनसनीखेज वारदात, वीडियो वायरल; आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर जब्त
गुना।अनंत न्यूज़
जिले के म्याना कस्बे में शनिवार रात एक खौफनाक घटना ने शादी की खुशियों को दहशत में बदल दिया। साइड नहीं देने की मामूली बात पर एक ट्रैक्टर चालक ने आपा खोते हुए नाचते-गाते बारातियों की भीड़ पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश कर दी। इस दौरान बग्गी पर सवार दूल्हे ने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि मौके पर भगदड़ मच गई।
सदर बाजार में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, ग्राम चतराई से धाकड़ समाज की बारात म्याना पहुंची थी। रात करीब 11 बजे बारात सदर बाजार से म्याना चौराहे की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान म्याना निवासी अंकित भदौरिया अपने अर्जुन महिंद्रा 4&4 (605) ट्रैक्टर के साथ वहां पहुंचा। भीड़ के कारण रास्ता नहीं मिलने पर वह भड़क गया और बारातियों से अभद्रता करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने ट्रैक्टर भीड़ की ओर दौड़ा दिया।
दूल्हे ने दिखाई सूझबूझ
अचानक ट्रैक्टर को अपनी ओर आता देख दूल्हे भूपेंद्र धाकड़ ने बग्गी से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। वहीं, नरेश धाकड़ और धर्मवीर धाकड़ सहित अन्य बाराती इधर-उधर भागे। आरोप है कि आरोपी ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
थाने में हंगामा, पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण और बाराती म्याना थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। फरियादी बलवीर सिंह धाकड़ की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी पर धारा 281, 296(ए) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वायरल वीडियो भी जांच में शामिल किया गया है।
ब्रजमोहन सिंह भदौरिया
म्याना -थाना प्रभारी