प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया जिला जेल का आकस्मिक निरीक्षण
कैदियों को बताए विधिक अधिकार, सुनीं समस्याएं
अनंत न्यूज़ @गुना। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निदेर्शानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना के अध्यक्ष अमिताभ मिश्र द्वारा आज जिला जेल गुना का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। निरीक्षण के दौरान अमिताभ मिश्र ने बंदी बैरकों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने बंदियों से उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति, अपील की प्रक्रिया और परिजनों से होने वाली मुलाकात के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने बंदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, पीने के साफ पानी, स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा के प्रबंधों की भी समीक्षा की। अमिताभ मिश्र ने जेल में निरुद्ध बंदियों को विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली नि:शुल्क विधिक सहायता योजना, 'लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम' और 'प्ली बारगेनिंग' के लाभों के बारे में बताया। उन्होंने समय-समय पर उच्च न्यायालय जबलपुर और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निदेर्शों की जानकारी देते हुए बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल अधीक्षक को जेल की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मधुलिका मुले, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना त्रिपाठी, जिला विधिक सहायता अधिकारी सर्वेश चतुवेर्दी सहित जेल अधीक्षक और जेल स्टाफ मुख्य रूप से उपस्थित रहा।