पदभार संभालते ही एक्शन मोड में गुना कप्तान हितिका वासल, शहर में निकाला पैदल फ्लैग मार्च
अनंत न्यूज़ @गुना | जिले की नवागत पुलिस कप्तान हितिका वासल ने पदभार ग्रहण करते ही कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। अपने कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने शहर में पैदल फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस की सक्रियता और आम जनता में सुरक्षा का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के दौरान कप्तान वासल ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस बल के अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और पुलिस पर विश्वास बनाए रखने की अपील की।
कप्तान ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार गश्त बढ़ाएं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें।
शहर में निकाले गए इस फ्लैग मार्च को लेकर आम नागरिकों में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली है। लोगों का कहना है कि इससे सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा और अपराधियों में भय पैदा होगा।