पतंजलि का राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन 30 मई को
गुना।अनंत न्यूज़
पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की मुख्य केंद्रीय महिला प्रभारी और पतंजलि विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ. देवप्रिया के मार्गदर्शन में 30 मई को गुना में एक विशाल राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है।
नारी के सर्वांगीण विकास में योग की भूमिका और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान पर केंद्रित यह आध्यात्मिक सम्मेलन नानाखेड़ी मंडी के पास स्थित एक निजी गार्डन में सुबह 7 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर योग ऋषि स्वामी रामदेव भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर अपना आशीर्वाद देंगे। इस भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर गुना की सनाढ्य धर्मशाला में एक महत्वपूर्ण जिला बैठक हुई। जिसमें भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी राजेंद्र आर्य, पतंजलि के राज्य प्रभारी कृष्ण योगेंद्र सिंह रघुवंशी, महिला पतंजलि राज्य प्रभारी सुधा त्रिवेदी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे। बैठक को संबोधित करते हुए राज्य प्रभारी राजेंद्र आर्य ने जिले की सभी मातृशक्ति से इस सम्मेलन में बढ़-चढ़कर सम्मिलित होने और इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में पतंजलि महिला समिति सहित जिले के पांचों संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।