नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को मिलेगा निर्णायक अधिकार: नीलिमा शिंदे
गुना में भाजपा महिला मोर्चा की प्रेसवार्ता, कांग्रेस पर साधा निशाना
अनंत न्यूज़ @गुना। भारतीय जनता पार्टी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सोमवार को गुना में आयोजित प्रेसवार्ता में महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष नीलिमा शिंदे ने इसे देश के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास का ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को ‘याचक’ से ‘नायक’ की भूमिका में स्थापित करेगा और देश के भविष्य को नई दिशा देगा।
नीलिमा शिंदे ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित इस अधिनियम के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे वे नीति निर्माण में सक्रिय और निर्णायक भागीदारी निभा सकेंगी। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा और क्रांतिकारी कदम बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना और मातृत्व अवकाश में वृद्धि जैसे फैसलों से महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव आया है।
प्रेसवार्ता के दौरान शिंदे ने कांग्रेस पर भी हमला बोला और आरोप लगाया कि दशकों तक महिला आरक्षण के मुद्दे को लंबित रखकर केवल राजनीति की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस लंबे इंतजार को खत्म कर महिलाओं को उनका अधिकार दिलाया है।
इस मौके पर महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डॉ. अंजलि रायजादा, जिलाध्यक्ष राजेश राजपूत और रुचिका श्रीवास्तव सहित मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव उपस्थित रहें ।