तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर और बाईक सवार को उड़ाया

नगरपालिका का ट्रैक्टर चालक बुरी तरह जख्मी, कान का हिस्सा कटा

तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर और बाईक सवार को उड़ाया
ट्रक की भीषण टक्कर से ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ा दिए।

गुना। अनंत newनेशनल हाईवे 46 से जुड़े गुना बाईपास क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने भारी तबाही मचाई। यूपी ढाबा के पास हुए इस भीषण हादसे में ट्रक ने नगर पालिका की ट्रैक्टर-ट्राली और एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक और बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मंगलवार सुबह लगभग 10:30 बजे नगर पालिका की एक ट्रैक्टर-ट्राली सकतपुर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड से कचरा खाली कर वापस शहर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान यूपी ढाबा के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्राली के परखच्चे उड़ गए। इसी दौरान, तहसील बमोरी के ग्राम पांचोरा निवासी हरिओम धाकड़, जो गुना में लहसुन बेचकर अपने गांव लौट रहे थे, भी इस ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को भी जोरदार टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में घायल ट्रैक्टर चालक श्रवण वाल्मीकि निवासी गुलाबगंज और मोटरसाइकिल सवार हरिओम धाकड़ निवासी ग्राम पांचोरा तहसील बमोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर चालक श्रवण के कान का कुछ हिस्सा काटने की जानकारी सामने आई है। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद नगर पालिका की टीम ने तत्परता दिखाई और अपने ही वाहनों से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया। फिलहाल अस्पताल में दोनों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी सीएमओ मंजूषा खत्री जिला अस्पताल पहुँचीं। उन्होंने घायल कर्मचारी श्रवण वाल्मीकि और अन्य घायल का हाल-चाल जाना तथा डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। इधर, हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। बाईपास पर हुए इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।