डिजिटल दौर में सुरक्षा जरूरी: ललितपुर पुलिस ने छात्रों को किया अलर्ट

डिजिटल दौर में सुरक्षा जरूरी: ललितपुर पुलिस ने छात्रों को किया अलर्ट

ललितपुर | अनंत न्यूज़ 

साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए ललितपुर पुलिस ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में ए.वी.एम. इंटर कॉलेज, ललितपुर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक  कालू सिंह एवं साइबर क्राइम थाना टीम ने उपस्थित छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ को साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि “डिजिटल अरेस्ट” जैसे फ्रॉड तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसमें ठग खुद को पुलिस या सीबीआई अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और उनसे पैसे ठग लेते हैं।

इस दौरान छात्रों को महत्वपूर्ण सुरक्षा टिप्स भी दिए गए, जिनमें अनजान कॉल, लिंक या मैसेज से सतर्क रहने, बैंकिंग व व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की सलाह शामिल रही।

कार्यक्रम में फेक लोन ऐप, केवाईसी अपडेट फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड और टेलीग्राम निवेश स्कैम जैसे मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

ललितपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे साइबर अपराधों के प्रति सजग रहें और दूसरों को भी जागरूक करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।