जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

अनंत न्यूज़ @गुना। आम नागरिकों की समस्याओं के प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभागृह में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से आए आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों ने भूमि विवाद, पारिवारिक झगड़े, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर अपराध और लंबित विवेचनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अंकित सोनी ने प्रत्येक फरियादी की बात को धैर्यपूर्वक सुना और संबंधित थाना प्रभारियों व राजपत्रित अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निराकरण हेतु दिशा-निर्देश दिए। कुछ गंभीर मामलों में उन्होंने मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए, जबकि अन्य प्रकरणों में गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को त्वरित न्याय और राहत प्रदान करना है, जिससे पुलिस एवं जनता के बीच संबंध और अधिक सुदृढ़ हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों की सतत मॉनिटरिंग की जाए ताकि पीड़ितों को समय पर राहत मिल सके और पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो। जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय जमील उद्दीन सिद्दिकी, एसडीओपी गुना विवेक अष्ठना, एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे, एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा, डीएसपी आनंद कुमार राय सहित कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव, म्याना प्रभारी रविन्द्र सिंह सिकरवार, अजाक थाना प्रभारी ओ.पी.आर्य, कुंभराज प्रभारी पंकज त्यागी, महिला थाना प्रभारी फिरदौस तबस्सुम, कोतवाली प्रभारी रुहिल शर्मा और आरोन थाना इंचार्ज पंकज कुशवाह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।