गेल प्लांट पहुंचे डीएम और कप्तान , जांची सुरक्षा

निमार्णाधीन एसडीएम कार्यालय में पौधारोपण कर दिए निर्देश

गेल प्लांट पहुंचे डीएम और कप्तान , जांची सुरक्षा

गुना।अनंत न्यूज़

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बुधवार को विजयपुर स्थित गेल प्लांट का संयुक्त निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, मॉनिटरिंग सिस्टम और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम का भ्रमण कर रियल-टाइम मॉनिटरिंग प्रक्रिया को समझा। इसके बाद पीपीटी के माध्यम से प्लांट के लेआउट, सुरक्षा मानकों, टेस्टिंग प्रक्रिया और आपातकालीन स्थितियों के लिए निर्धारित 'इमरजेंसी रिस्पॉन्स' प्रोटोकॉल की विस्तृत समीक्षा की।

इसके उपरांत कलेक्टर ने साढ़ा कॉलोनी के समीप हाईवे पर बन रहे राघौगढ़ एसडीएम एवं तहसील कार्यालय के निमार्णाधीन भवन का मुआयना किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि परिसर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाया जाए ताकि वर्षा जल का संरक्षण हो सके। साथ ही प्रभावी जल निकासी व्यवस्था करने, रिटेनिंग वॉल से पर्याप्त दूरी रखने और परिसर को सुव्यवस्थित पार्क व हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने परिसर में कटहल का पौधा रोपा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे, एसडीएम अमित सोनी सहित गेल के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।