गुना में दरिंदगी, दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात
पार्लर सिखाने वाली सहेली ही निकली आस्तीन का सांप, पति से कराया युवती का रेप; पुलिस ने पति-पत्नी समेत 4 को भेजा जेल
अनंत न्यूज़ @गुना। जिला पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई की है। कैंट थाना पुलिस ने दोनों प्रकरणों में तत्परता दिखाते हुए एक महिला सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पहला मामला कैंट के गुलाबगंज क्षेत्र का है। यहां एक 22 वर्षीय युवती के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि वह यास्मीन खान के साथ पार्लर का काम सीखने जाती थी। करीब चार महीने पहले यास्मीन ने उसे काम के बहाने अपने घर बुलाया, जहां उसके पति शरीफ खान ने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने दावा किया है कि इसके बाद यास्मीन खान बदनामी का डर दिखाकर उसे शरीफ के पास कमरे में भेज देती थी और खुद बाहर पहरा देती थी। शनिवार शाम को भी शरीफ ने उसे धमकाकर घर बुलाया और जबरदस्ती करने लगा। युवती के विरोध और धक्का देने से शरीफ गिर गया, जिससे उसे चोट आई। इस दौरान यास्मीन और शरीफ का भाई मुवीन खान बाहर पहरा दे रहे थे। परिजनों को सूचना मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर युवती को छुड़ाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शरीफ खान, यास्मीन खान और मुवीन खान को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
महिला की शिकायत पर युवक गिरफ्तार
गुना में दुष्कर्म का एक और सनसनीखेज केस बांसखेड़ी इलाके में सामने आया है। जहां एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने 25 मार्च को दुष्कर्म का केस दर्ज किया था। अब इस मामले में 28 मार्च को आरोपी भुवनेश्वर शर्मा की गिरफ्तारी कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर व सीएसपी प्रियंका मिश्रा के मार्गदर्शन में कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव की टीम ने इन मामलों में सक्रियता दिखाई। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों के सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अरुंधती राजावत, आरक्षक राजू बघेल, सूर्यभान जाट, शुभम रघुवंशी, धर्मेन्द्र रघुवंशी, देवेन्द्र रघुवंशी और महिला आरक्षक रक्षा रघुवंशी व तेजस्विता जादौन की मुख्य भूमिका रही।