गुना में टेबल टेनिस टूर्नामेंट का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल

गुना में टेबल टेनिस टूर्नामेंट का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल

अनंत न्यूज़ @गुना | स्थानीय ऑफिसर्स क्लब टेनिस हॉल में डायनैमिक टेबल टेनिस एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित ओपन टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न आयु वर्ग के कुल 73 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के मैच रेफरी भी मौजूद रहे, जिससे आयोजन की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धा का स्तर काफी ऊँचा रहा।

इस टूर्नामेंट का आयोजन कोच देवांशु जैन द्वारा अपने पिता स्वर्गीय संतोष कुमार जैन की स्मृति में किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि व्यापार और उद्योग महासंघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि डॉ. भूपेन्द्र धाकरे ने विजेता खिलाड़ियों को शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वे खेल और खिलाड़ियों के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक समय संसाधनों की कमी के कारण टेबल टेनिस खिलाड़ियों की संख्या में गिरावट आई थी, लेकिन अब कोच देवांशु जैन जैसे समर्पित प्रशिक्षकों के प्रयासों से फिर से इस खेल को बढ़ावा मिल रहा है।

प्रतियोगिता के परिणामों में अंडर-9 वर्ग में दिवित अग्रवाल विजेता और ओजस गुप्ता उपविजेता रहे। अंडर-11 में मयूक टाक ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सामर्थ्य अग्रवाल रनरअप रहे। अंडर-13 में रिशित त्रिपाठी विजेता और ह्रदय बिरला द्वितीय स्थान पर रहे। अंडर-15 वर्ग में ह्रदय बिरला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि रिशित त्रिपाठी उपविजेता रहे।

वहीं महिला वर्ग में प्रियंका शर्मा ने जीत दर्ज की और साक्षी जेठवानी रनरअप रहीं। ओपन डबल्स में अभिनव और प्रियांशी की जोड़ी विजेता रही, जबकि रिशित और साक्षी की जोड़ी उपविजेता रही।

समारोह के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों द्वारा तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।

आयोजक देवांशु जैन ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को मंच मिलता है और भविष्य में वे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।