गुना में एसपी हितिका वासल के नेतृत्व में पुलिस का पैदल मार्च, आमजन में बढ़ाया सुरक्षा का भरोसा
प्रमुख मार्गों पर पुलिस की मौजूदगी, लोगों से संवाद कर सुनी समस्याएं, असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश
गुना।अनंत न्यूज़
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस कप्तान हितिका वासल के नेतृत्व में शनिवार शाम शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया गया।
इस दौरान एसपी हितिका वासल ने मार्ग में मौजूद नागरिकों से सहज और आत्मीय संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके सुझाव भी लिए। खास बात यह रही कि उन्होंने एक बच्ची से भी बातचीत कर उसका हालचाल जाना, जिससे पुलिस का मानवीय और संवेदनशील चेहरा सामने आया।
पैदल मार्च के जरिए पुलिस ने आमजन को यह संदेश दिया कि गुना पुलिस हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। साथ ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकेत भी दिया गया।
पुलिस का यह कदम शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।