गुना पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध 'सर्जिकल स्ट्राइक'
राजपुरा के कंजर डेरों पर दबिश, 1500 लीटर लहान नष्ट
अनंत न्यूज़ @गुना। जिला पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबारियों और माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राघौगढ़ थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने ग्राम राजपुरा स्थित कंजर डेरों पर भारी बल के साथ दबिश देकर अवैध शराब निर्माण की भट्टियों को ध्वस्त किया और मौके पर भारी मात्रा में लहान नष्ट किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर और एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के मार्गदर्शन में 10 मार्च 2026 को राघौगढ़ इंचार्ज थाना प्रभारी रसना राजावत के नेतृत्व में राघौगढ़, विजयपुर और धरनावदा थानों सहित पुलिस लाइन के भारी बल ने राजपुरा के कंजर डेरों की घेराबंदी की। यहाँ लंबे समय से अवैध शराब निर्माण की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसे पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए थे। सर्चिंग के दौरान पुलिस को डेरों के आसपास जमीन में गढ़े हुए ड्रमों और गड्ढों में करीब 1,500 लीटर लहान मिला, जिसे शराब बनाने के लिए तैयार किया गया था। पुलिस ने मौके पर ही इस लहान और शराब बनाने वाली भट्टियों व अन्य सामग्रियों को नष्ट कर दिया। नष्ट किए गए लहान की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्यवाही के दौरान पुलिस ने राहुल पुत्र सोनू कंजर (19 वर्ष), निवासी राजपुरा, फूल सिंह पुत्र मिश्रीलाल विश्वकर्मा (46 वर्ष), निवासी राजपुरा को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 118 लीटर अवैध कच्ची शराब (कीमत 12,000 रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (कीमत 80,000 रुपये) जब्त की गई है। कुल मशरूका 92 हजार रुपये का आंका गया है। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस बड़ी कार्यवाही में राघौगढ़, विजयपुर और धरनावदा थाने के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। मुख्य रूप से उपनिरीक्षक रसना राजावत, प्रेमपाल सिंह सिकरवार, कमल सिंह मीना, निरीक्षक रितुराज सिंह कुशवाह (विजयपुर प्रभारी) और अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।