गुना को 1100 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
सीएम मोहन यादव और सिंधिया ने किया अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री का शिलान्यास
गुना।अनंत न्यूज़
जिले के औद्योगिक परिदृश्य को बदलने की दिशा में रविवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना के मावन में बनने जा रही अडाणी ग्रुप की 'अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री' का भव्य शिलान्यास किया। गुना के दशहरा मैदान पर आयोजित इस गौरवशाली कार्यक्रम में अडाणी ग्रुप के डायरेक्टर प्रणव अडाणी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरूआत से पहले मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री हवाई अड्डे से दशहरा मैदान तक एक खुली जीप में सवार होकर पहुंचे। रास्ते भर भाजपा नेताओं और कार्यकतार्ओं ने पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। आलम यह था कि स्वागत के उत्साह के कारण दोनों नेता निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से मंच पर पहुंचे। सीएम गुनावासियों के प्रेम से इतने गदगद नजर आए कि उन्होंने इसकी तुलना होली-दीवाली के त्योहार से कर दी। मुख्यमंत्री ने केवल सीमेंट फैक्ट्री ही नहीं, बल्कि गुना को विकास की कई अन्य सौगातें भी दीं। इसके तहत 1059 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस फैक्ट्री से करीब डेढ़ हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। 130 करोड़ की लागत के 144 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। नमामि गंगे योजना के तहत गुनिया नदी के जीर्णोद्धार के लिए 80 करोड़ 22 लाख के प्रस्ताव को हरी झंडी दी। भुजरिया तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये और पार्वती नदी पर नए ब्रिज निर्माण की घोषणा की गई। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अतीत को याद करते हुए कहा कि एक दौर था जब इस चंबल-ग्वालियर क्षेत्र में केवल गोलियों की गूंज सुनाई देती थी, लेकिन अब यहाँ विकास की गूंज है। सिंचाई, बिजली और सड़क की सुविधाओं ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि विकास के लिए ली जाने वाली जमीन का बाजार से चार गुना दाम दिया जाएगा, साथ ही किसानों को सलाह दी कि वे अपनी जमीन न बेचें क्योंकि गुना का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, गुना विधायक पन्नालाल शाक्य, चांचौड़ा विधायक प्रियंका मीना, मुंगावली विधायक ब्रजेन्द्र सिंह यादव, चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, कोलारस विधायक महेन्द्र सिंह यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविन्द्र धाकड़, नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविन्द्र गुप्ता, पूर्व विधायक गोपीलाल जाटव, राजेन्द्र सिंह सलूजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं आयुक्त ग्वालियर संभाग मनोज खत्री, आईजी अरविन्द्र सक्सेना, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक हितिका वासल, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे सहित अन्य अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित थे।
सिंधिया बोले, 4 साल से चर्चा चल रही थी
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि डॉ. मोहन यादव ने 'रेड टैप' (लालफीताशाही) को हटाकर निवेशकों के लिए 'रेड कारपेट' बिछा दिया है। सिंधिया ने खुलासा किया कि इस प्रोजेक्ट के लिए गौतम अडाणी से उनकी 4 साल से चर्चा चल रही थी। उन्होंने कहा, मैंने अडाणी जी से कहा था कि यदि देश का दिल देखना है तो गुना-शिवपुरी आएं। यहाँ कुल 3,500 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है और 40 लाख टन क्षमता वाला प्लांट लगेगा।
पन्नालाल शाक्य की दो टूक-गुनावासियों को ही मिले रोजगार
कार्यक्रम के दौरान विधायक पन्नालाल शाक्य ने अडाणी ग्रुप के प्रतिनिधियों के सामने यह मांग रखी कि फैक्ट्री में गुना के स्थानीय युवाओं को ही प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए, ताकि क्षेत्र का वास्तविक विकास हो सके। मुख्यमंत्री ने टेकरी सरकार के जयकारे के साथ अपना संबोधन शुरू किया और सिंधिया को 'श्रीमान' कहकर संबोधित किया। वहीं सिंधिया ने भी जनता से आह्वान किया कि मुख्यमंत्री का स्वागत उज्जैन से भी पांच गुना ज्यादा उत्साह के साथ होना चाहिए। इस कार्यक्रम ने गुना के औद्योगिक विकास के एक नए अध्याय की नींव रख दी है।
प्रणव अडाणी ने किया डेढ़ हजार लोगों को रोजगार का वादा
इस मौके पर अडाणी ग्रुप के डायरेक्टर प्रणव अडाणी ने मध्य प्रदेश के विकास के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की जीडीपी का 15 लाख करोड़ के पार जाना प्रदेश की मजबूत आर्थिक स्थिति का प्रमाण है। प्रणव अडाणी ने विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से यह प्रोजेक्ट कागजों से निकलकर इतनी जल्दी जमीन पर उतर सका। प्रणव अडाणी ने कहा कि गुना में बनने जा रही यह सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट सालाना 40 लाख मेट्रिक टन की क्षमता वाली होगी, जिसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। उन्होंने लक्ष्य रखा कि इसका पहला चरण वर्ष 2028 तक शुरू कर दिया जाएगा। अडाणी ने रेखांकित किया कि 1,060 करोड़ रुपये का यह निवेश गुना जिले के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा निवेश है, जिससे लगभग 1,500 स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। प्रणव ने ग्रुप के विजन को साझा करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल व्यापार करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। उन्होंने याद दिलाया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में चेयरमैन गौतम अडाणी ने मध्य प्रदेश के लिए 1,10,000 करोड़ रुपये के निवेश का जो संकल्प लिया था, यह प्रोजेक्ट उसी वादे को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस प्लांट के शुरू होने से न केवल सरकारी खजाने में 6,000 करोड़ रुपये का योगदान मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर छोटे व्यवसायों, ट्रांसपोर्टेशन और सप्लाई चैन के नए रास्ते भी खुलेंगे।